नई टिहरी(आरएनएस)। युवा कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे मेरा वोट मेरा अधिकार कार्यक्रम के जिला प्रभारी अंशुल रावत ने कहा कि भाजपा साजिशन आम लोगों के वोट डालने के अधिकार पर भी अब डाका डालने लगी हैं। उत्तराखंड में बीते निकाय चुनाव व विभिन्न प्रदेशों में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान फर्जी वोट के कई मामले सामने आये हैं। इसे रोकने के लिए युवा कांग्रेस टिहरी जिले में मेरा वोट मेरा अधिकार कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। शनिवार को जिला कांग्रेस के कार्यालय में अंशुल पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव में देखा जा रहा है कि साजिशन कांग्रेस समर्थक व कांग्रेस मानसिकता के वोटरों के साथ छलावा कर उनके नाम वोटर लिस्ट से गायब किये जा रहे हैं। यह नाम किसने कहने पर काटे जा रहे हैं, इसका कोई रिकार्ड भी सामने नहीं है। जबकि बिना सहमति के किसी का नाम नहीं काटा जा सकता है। इसके लिए युवा कांग्रेस ने टिहरी जिले में अभियान चलाने का काम शुरू कर दिया है। जिसके तहत नाम कटने वालों की जानकारी आरटीआई के तहत मांग कर खुलासा किया जाएगा। वोट से वंचित रहने वालों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया से इस बात का खुलासा किया जाएगा। इस मौके पर युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष लखवीर चौहान, विधानसभा अध्यक्ष नवीन सेमवाल, कपिल जोशी, वैभव, गौतम, दीपक, शिवम, गजेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।

Recent Comments