युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत, बनें जॉब क्रिएटर: मुख्यमंत्री धामी

ओहो रेडियो के मंच से सीएम ने तीन नए रेडियो चैनलों का किया शुभारंभ, युवाओं को ‘नेशन फर्स्ट’ का दिया मंत्र

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित ‘राष्ट्र निर्माण उत्सव’ में शिरकत की। ओहो रेडियो एवं ड्रीमर्स एड्यु हब के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संचार के क्षेत्र में नई क्रांति का सूत्रपात करते हुए तीन नए रेडियो चैनलों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित होकर लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करने और ‘नेशन फर्स्ट’ (राष्ट्र प्रथम) की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में रेडियो से जुड़े पुराने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि एक समय था जब रेडियो सूचना का सबसे सशक्त माध्यम था। उन्होंने कहा, “मेरे पास भी एक छोटा रेडियो था, जो मेरे लिए किसी खजाने से कम नहीं था।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने रेडियो को पुनः मुख्यधारा में स्थापित किया है और ओहो रेडियो उत्तराखंड की संस्कृति व परंपरा को जीवंत रखने का सराहनीय कार्य कर रहा है।

युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला (जॉब क्रिएटर) बनना होगा। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य को देखते हुए राज्य सरकार युवाओं को ‘फ्यूचर-रेडी’ बनाने के लिए डिमांड-बेस्ड स्किल ट्रेनिंग और स्टार्टअप संस्कृति पर विशेष ध्यान दे रही है। स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के द्वार खुले हैं।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और यही ऊर्जा हमें आर्थिक महाशक्ति और विश्व गुरु बनाने की पूंजी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाशक्ति की भूमिका निर्णायक होगी। सीएम ने स्पष्ट किया कि जब समाज का हर वर्ग—किसान, महिला, श्रमिक और युवा—अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेगा, तभी सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

देवभूमि की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने ‘स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर’ और दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज’ की स्थापना को महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मेधावियों को बधाई देते हुए उन्हें राष्ट्र का भावी प्रहरी बताया।

इस भव्य आयोजन में फिल्म अभिनेता राकेश बेदी, मेजर प्राजुक्ता देसाई, आरजे काव्या सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि युवाओं के नवाचार और संकल्प से उत्तराखंड और भारत प्रगति के नए सोपान तय करेंगे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments