युवाओं का आक्रोश: कांग्रेस ने की सीएम आवास घेरने की घोषणा

ट्रिपल एससी परीक्षा पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन तेज

देहरादून : उत्तराखंड में हाल ही में संपन्न यूके ट्रिपल एससी परीक्षा के पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन की रफ्तार तेज कर दी है। पार्टी ने आगामी 3 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास को घेरने का ऐलान किया है। कांग्रेस की मांग है कि इस मामले की जांच एक सिटिंग हाईकोर्ट जज की निगरानी में सीबीआई से करवाई जाए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने आज यहाँ पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार द्वारा अवकाश प्राप्त न्यायाधीश से जांच कराने का फैसला युवाओं को मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा, “सरकार मामले को रफा-दफा करना चाहती है, जबकि पूरे प्रदेश के युवा सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।”

‘आजादी के नारे उचित’
धस्माना ने हाल में परेड ग्राउंड में लगे ‘आजादी’ के नारों पर विवाद को निराधार बताया। उन्होंने कहा, “ये नारे भ्रष्टाचार, नकल और पेपर लीक माफिया से आजादी की बात करते हैं, जो पूरी तरह उचित है। जो लोग 1947 में आजादी के नारों के खिलाफ थे, उन्हीं के वारिस आज इन नारों से परेशान हैं।”


अग्निपथ के खिलाफ कांग्रेस की रथ यात्रा
चार अक्टूबर से शुरू होगा तीन चरणों में प्रदेशव्यापी अभियान

कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग ने अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदेशव्यापी रथ यात्रा और हस्ताक्षर अभियान चलाने का फैसला किया है। इस यात्रा का शुभारंभ 4 अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा द्वारा झंडी दिखाकर किया जाएगा।

पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी ने बताया कि यह यात्रा तीन चरणों में होगी। अक्टूबर में गढ़वाल, दिसंबर में कुमाऊं और फरवरी में हरिद्वार, रुड़की व उधम सिंह नगर का दौरा किया जाएगा। यात्रा के दौरान रैलियाँ, गोष्ठियाँ आयोजित की जाएंगी और युवाओं से हस्ताक्षर एकत्रित किए जाएंगे। एकत्रित मांगपत्र राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा।

धस्माना ने कहा कि पार्टी के सभी स्तरों के संगठन इस यात्रा को पूर्ण सहयोग देंगे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments