

कांवड़ मेला-2026 में उत्कृष्ट कार्य के लिए किया सम्मान, अपराध नियंत्रण और मानसून तैयारियों पर दिए सख्त निर्देश
उत्तरकाशी। पुलिस लाइन ज्ञानसू स्थित भागीरथी कॉन्फ्रेंस हॉल में सोमवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया।गोष्ठी में जनपद की कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराध, नशे के विरुद्ध अभियान, यातायात व्यवस्था और मानसून से निपटने की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
कांवड़ मेले के हीरो का सम्मान
एसपी श्रीमती उपाध्याय ने कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बरसात और तमाम चुनौतियों के बावजूद श्री गंगोत्री धाम में बड़ी संख्या में कांवड़ियों और वाहनों का आवागमन सफलतापूर्वक नियंत्रित किया गया। यह पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना का परिणाम है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट ड्यूटी करने वाले 63 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में निरीक्षक दिनेश कुमार (एसएचओ कोतवाली), दीपक नौटियाल (एसएचओ मनेरी), प्रदीप सिंह तोमर (एसएचओ हर्षिल), मनोज असवाल (एसएचओ धरासू), सुनील कुमार (निरीक्षक यातायात) सहित उपनिरीक्षक, अपर उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी, महिला आरक्षी, होमगार्ड और पीआरडी के जवान शामिल हैं।
नशे और अपराध पर जीरो टॉलरेंस
एसपी ने अवैध मादक पदार्थों- स्मैक, चरस, गांजा और अवैध शराब की तस्करी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। आदतन अपराधियों को चिन्हित कर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने, गुमशुदगी और महिला अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज करने को कहा गया। लंबित विवेचनाओं, शिकायतों, समन और वारंटों के शत-प्रतिशत निस्तारण के निर्देश भी दिए।

मानसून और आपदा को लेकर अलर्ट
मानसून के मद्देनजर सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में आपदा उपकरण, वाहन और पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए। आपदा स्वयंसेवकों के साथ समन्वय कर उन्हें राहत-बचाव का प्रशिक्षण दिलाने पर जोर दिया गया।
सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत दी।
इस दौरान सहायक निदेशक अभियोजन अरुण गौड़, डीजीसी प्रवीण और एडीजीसी पूनम ने विवेचकों को अभियोजन प्रक्रिया और विवेचना की गुणवत्ता पर मार्गदर्शन दिया।
गोष्ठी में सीओ उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, सीओ बड़कोट चंचल शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक शिव कुमार सहित सभी थानाध्यक्ष और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments