

भूमि धोखाधड़ी, अवैध कब्जे, मोबाइल टावर और पारिवारिक उत्पीड़न से जुड़े मामले प्रमुखता से उठे
90 किराएदारों वाले जर्जर भजन आश्रम भवन का मामला गंभीर, डीएम ने दिए तत्काल एक्शन के निर्देश
देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई इस जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 120 शिकायतें दर्ज की गईं। डॉ. चौहान ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ई-ऑफिस, सीएम घोषणा एवं सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की और सीएम हेल्पलाइन के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर निपटाने के आदेश दिए।
ऋषिकेश भजन आश्रम के सचिव ने अद्वैतानंद मार्ग स्थित भजन आश्रम भवन संख्या-2 तथा तिलक मार्ग स्थित भवन संख्या-3 के अत्यंत जर्जर होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इन दोनों भवनों में करीब 90 किराएदार रह रहे हैं, और बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भी किराएदार भवन खाली नहीं कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी समय भवन गिर सकता है, जिससे जानमाल की बड़ी क्षति हो सकती है। मामले की अत्यंत गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम ऋषिकेश एवं नगर निगम अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुँचकर आवश्यक कार्रवाई करने और लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
70 वर्षीय विधवा प्रेमा रावत ने जिलाधिकारी को बताया कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने धोखाधड़ी करके उनकी 228 वर्गमीटर भूमि का विक्रय पत्र तैयार कर लिया और बिना उनकी सहमति के वह भूमि बेच दी। इसके अलावा, उन्हें 90 लाख रुपये का भुगतान भी नहीं किया गया। जब उन्होंने पैसे माँगे तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। डॉ. चौहान ने इस गंभीर शिकायत पर एसडीएम सदर को मामले की पूरी जाँच करने और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रायपुर निवासी कृष्ण कुमार ने शिकायत दी कि उन्होंने संजय कुमार नामक व्यक्ति के पास पाँच-पाँच लाख रुपये की तीन कमेटियाँ (चिट फंड) 15 माह के लिए डाली थीं, और साथ ही 30.75 लाख रुपये उधार भी दिए थे। लेकिन संबंधित व्यक्ति न तो रुपये लौटा रहा है और न ही कोई जवाब दे रहा है। जिलाधिकारी ने सीओ रायपुर को इस मामले की जाँच करके पीड़ित को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत सिंधवाल के उपप्रधान ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय के भवन की छत के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मरम्मत न होने के कारण बच्चों की जान को खतरा बना हुआ है। डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को तुरंत मौके का निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत प्रस्ताव तैयार करने का आदेश दिया।
बारिश के कारण त्यूनी-चकराता-मसूरी मोटर मार्ग पर बोल्डर गिरने और पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बाधित हो गया है। इस शिकायत पर डीएम ने एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) के अधिकारियों को सड़क को जल्द से जल्द सुगम बनाने और मलबा हटाने के निर्देश दिए।
· सहसपुर के ग्राम पंचायत छरबा में आवासीय भूमि पर मोबाइल टावर लगाए जाने की शिकायत मिली। एमडीडीए ने इसे अवैध घोषित कर दिया था, लेकिन अब तक टावर नहीं हटाया गया। डीएम ने एमडीडीए को त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिया।
· कृष्णा विहार में घनी आबादी के बीच मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाए जाने की शिकायत पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जाँच कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
पटेल नगर निवासी 75 वर्षीय विधवा ऊषा सूरी ने अपने किराएदार पर आरोप लगाया कि वह उन्हें उत्पीड़ित कर रहा है, किराया नहीं देता और मकान पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए है। डीएम ने सीओ पटेल नगर को तत्काल मामले की जाँच कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रेसकोर्स निवासी 65 वर्षीय माला देवी ने रोते-बिलखते हुए बताया कि उनके छोटे बेटे और बहू ने उनके साथ मारपीट की है। उन्होंने न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने मौके पर ही पुलिस को प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने के आदेश दिए और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
नत्थनपुर छह नंबर पुलिया के आसपास सब्जियों एवं अन्य सामान की ठेलियाँ लगने के कारण यातायात जाम हो रहा है और लोगों को भारी परेशानी हो रही है। डीएम ने नगर निगम देहरादून को आवश्यक कार्रवाई करके ठेलियों को हटाने के निर्देश दिए।
आर्थिक रूप से कमजोर अनिता (नीलकंठ) और अनिता थापा (मोथरोवाला) ने अपने कच्चे मकानों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की माँग की। वहीं ऋषिकेश निवासी रीना ने नंदा-सुनंदा योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध किया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता जाँच कर शीघ्र सहायता प्रदान करने को कहा।
· ग्राम पंचायत रामपुर कलां में पंचायत भवन की खाली भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
· ग्राम पंचायत चान्जोई में बहुउद्देशीय भवन निर्माण की माँग पर डीएम ने प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
· चकराता क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुनैन के ग्राम सैंज में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त नहर की सुरक्षा दीवार एवं गूल की मरम्मत के लिए ओसी कलेक्ट्रेट को मौके पर जाँच कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की हर समस्या उनकी प्राथमिकता है और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) के.के. मिश्रा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशि कांत गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Recent Comments