

‘हर काम देश के नाम ‘
चमोली / नितिपास । भारी बारिश के कारण तमक नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से नीति दर्रे (Niti Pass) के रास्ते मलारी नेशनल हाईवे पर बना 120 फीट लंबा मॉड्यूलर पुल शाम लगभग 5:30 बजे बह गया। यह घटना तमक नाले के पास हुई, जिससे नीति घाटी के मलारी, गमशाली और नीति समेत एक दर्जन से अधिक सीमावर्ती गांवों का सड़क संपर्क कुछ समय के लिए टूट गया है। स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियां हालात का जायजा लेकर संपर्क बहाल करने के प्रयास में जुट गई हैं।
घटना के दौरान अचानक आए तेज बहाव की चपेट में एक बोलेरो गाड़ी भी आ गई। गाड़ी में सवार हवलदार पंकज ने सूझबूझ और तेजी से काम करते हुए साथ बैठे यात्रियों की जान बचाई, लेकिन इस दौरान वे स्वयं तेज पानी के बहाव में बह गए और अभी लापता हैं।

नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) और बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइज़ेशन (BRO) की टीमें स्थानीय बचाव दलों के साथ मिलकर खोज व बचाव अभियान चला रही हैं। शाम को चलाए गए तलाशी अभियान में अभी तक हवलदार पंकज का पता नहीं चल पाया है। कल सुबह रोशनी होते ही अधिक मजबूत टीमों और आवश्यक उपकरणों के साथ एक बार फिर खोज व बचाव अभियान शुरू किया जाएगा।

Recent Comments