

श्रीनगर गढ़वाल / दिल्ली। गढ़वाल हितैषिणी सभा द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 30 अगस्त 2026, रविवार को दिल्ली स्थित गढ़वाल भवन में दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले गढ़वाली मूल के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 109 विद्यार्थियों तथा सी.ए. एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले 14 विद्यार्थियों, कुल 123 मेधावी प्रतिभाओं को ‘वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मेधावी छात्र सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान समारोह में प्रत्येक विद्यार्थी को स्मृति चिह्न के साथ 2,100 रूपये नगद पुरस्कार एवं प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में शिक्षा और प्रतिभा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की प्रतिभा को सम्मान मिलना उसके लिए केवल पुरस्कार प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा और आत्मविश्वास का स्रोत होता है। मेधावी विद्यार्थियों का सार्वजनिक रूप से सम्मान उन्हें अपनी क्षमताओं को और विकसित करने तथा भविष्य में बेहतर लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति का आधार उसकी नई पीढ़ी की शिक्षा, प्रतिभा और संस्कार हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश मिलता है कि उनकी मेहनत और उपलब्धियों को समाज पहचानता और महत्व देता है।
कुलपति ने कहा कि गढ़वाल हितैषिणी सभा का यह प्रयास केवल मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षा को सामाजिक सम्मान से जोड़ने वाली पहल है। दिल्ली-एनसीआर में रह रहे गढ़वाली समाज द्वारा अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए नई पीढ़ी की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना सराहनीय है।यह सम्मान समारोह रविवार, 30 अगस्त 2026 को भागीरथी सभागार में आयोजित होगा।

Recent Comments