38वें राष्ट्रीय खेल: हरियाणा ने पुरुष और महिला हैंडबॉल में शानदार शुरुआत

रुद्रपुर,08फरवरी2925। 38वें राष्ट्रीय खेल के हैंडबॉल मुकाबलों की शुरुआत धमाकेदार रही। पहले दिन कुल सात मुकाबले खेले गए, जिसमें हरियाणा की पुरुष और महिला टीमों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की।

हरियाणा महिला टीम की जबरदस्त जीत
महिला वर्ग में हरियाणा ने बिहार को 47-16 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। हरियाणा की ओर से सोनिका और आशा रानी ने छह-छह गोल किए, जबकि रेनू, प्रियंका और निक्की ने पांच-पांच गोल किए। बिहार के लिए खुशबू कुमारी ने सर्वाधिक छह गोल किए।

दिन के दूसरे मुकाबले में हिमाचल प्रदेश ने उत्तराखंड को 45-6 के बड़े अंतर से मात दी। हिमाचल के लिए मिताली शर्मा ने आठ, कृतिका ठाकुर ने सात और जागृति देवी ने सात गोल किए।

वहीं, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसमें राजस्थान ने 23-22 से जीत दर्ज की। पहले हाफ में दोनों टीमें 11-11 की बराबरी पर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में राजस्थान ने 12-11 की बढ़त बनाकर मैच अपने नाम किया। राजस्थान की ओर से रुक्मिणी बिथू और मनीषा ने पांच-पांच गोल किए, जबकि उत्तर प्रदेश के लिए मोना और सपना कश्यप ने पांच-पांच गोल किए।

पुरुष वर्ग में भी हरियाणा का जलवा
पुरुष वर्ग में राजस्थान और दिल्ली के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें दिल्ली ने 31-30 से रोमांचक जीत दर्ज की। राजस्थान के लिए लोकेन्द्र सिंह और रोहिताश ने छह-छह गोल किए, जबकि विक्रम और दिनेश ने पांच-पांच गोल दागे। दिल्ली की ओर से विकास (6), सुशील (5) और कृष्ण (5) ने शानदार प्रदर्शन किया।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच खेला गया मुकाबला 28-28 की बराबरी पर समाप्त हुआ। मध्य प्रदेश के जसमीत और छत्तीसगढ़ के मोहम्मद आमिर हुसैन ने 10-10 गोल किए। एमपी के अमित ने छह गोल के साथ अहम भूमिका निभाई।

हरियाणा की पुरुष टीम ने झारखंड के खिलाफ 46-26 की बड़ी जीत दर्ज की। झारखंड के लिए नदीम कुरैशी ने 9 और मोहम्मद शाहरुख अनवर ने 7 गोल किए। हरियाणा के लिए संदीप (7), दविंदर सिंह (6), मोहित (5) और सुनील (5) ने शानदार प्रदर्शन किया। हरियाणा के 12 खिलाड़ियों ने गोल किए, जिससे टीम को 20 गोल के अंतर से जीत मिली।

दिन के अंतिम मुकाबले में सर्विसेज ने उत्तराखंड को 41-35 से हराया। सर्विसेज के लिए सुखवीर सिंह ने 11 और भूषण शिंदे ने 8 गोल किए। उत्तराखंड की टीम ने कड़ी टक्कर दी, जिसमें दिनेश कुमार (10 गोल), अरुण शर्मा (8 गोल) और भूपेंद्र सिंह (7 गोल) ने शानदार प्रदर्शन किया।

मैच परिणाम:

महिला:
हरियाणा 47-16 बिहार
हिमाचल प्रदेश 45-6 उत्तराखंड
राजस्थान 23-22 उत्तर प्रदेश

पुरुष:
राजस्थान 30-31 दिल्ली
मध्य प्रदेश 28-28 छत्तीसगढ़
झारखंड 26-46 हरियाणा
सर्विसेज 41-35 उत्तराखंड

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments