पौड़ी,08फरवरी2025(एजेंसियां)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर में भतीजी अर्चना के विवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम योगी मेहमानों की मेजबानी में रहे। बारातियों से लेकर अन्य मेहमानों का उन्होंने स्वागत किया। कई प्रमुख लोगों ने शादी समारोह में शिरकत कर वर-वधू को आशीर्वाद दिया।
शादी समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे. शुक्रवार को राज्यपाल और मुख्यमंत्री धामी दोपहर करीब 12:45 बजे हेलीकॉप्टर से कांडी गांव पहुंचे, जहां से वे सड़क मार्ग से तीन किलोमीटर दूर पंचूर गांव पहुंचे. उन्होंने योगी आदित्यनाथ की भतीजी के विवाह समारोह में भाग लिया और वर-वधू को आशीर्वाद दिया.

इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ भाजपा सांसद अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, विधायक रेनू बिष्ट, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत, डीएम पौड़ी डॉ. आशीष चौहान और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन दिन के दौर पर पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक पहुंचे हैं। गुरुवार को उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ सरकारी महाविद्यालय में किसान मेले में शिरकत की थी। इसके साथ ही वह कई और कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। गुरुवार शाम को ही वह अपने पैतृक गांव पंचूर चले गए थे। रात को वह गांव के अपने घर में रहे। शुक्रवार को उनकी भतीजी अर्चना की शादी थी।
शनिवार को योगी आदित्यनाथ पंचूर गांव में नवनिर्मित बारात घर का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा, वे अपने पुराने स्कूलों का निरीक्षण भी करेंगे. इसमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठांगर, जूनियर हाई स्कूल ठांगर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बिथ्याणी और राजकीय जूनियर हाई स्कूल कांडी शामिल हैं।
योगी आदित्यनाथ के गांव पहुंचने से पंचूर और आसपास के इलाकों में खासा उत्साह देखने को मिला. गांव वासियों ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का भव्य स्वागत किया. शादी समारोह को लेकर पूरे गांव में उल्लास का माहौल रहा और यह आयोजन चर्चा का प्रमुख विषय बना रहा.

Recent Comments