40 वर्ष की बेदाग सेवा का सम्मान: ढोल-नगाड़ों और केक के साथ हुआ संजय गर्ग का भव्य विदाई समारोह

“दिलों से रिटायर हुए, कागजों से नहीं” – कर्मचारी नेताओं ने दी विदाई

देहरादून, 30 अप्रैल 2026। प्रखर समाजसेवी, माध्यमिक शिक्षणेत्तर एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री एवं वरिष्ठ कर्मचारी नेता संजय कुमार गर्ग ने आज एमकेपी इंटर कॉलेज, देहरादून में लगभग 40 वर्ष की निष्कलंक एवं बेदाग सेवा के पश्चात सेवानिवृत्ति प्राप्त की। विदाई कार्यक्रम इतना भव्य और भावुक रहा कि पूरा परिसर उनके प्रति श्रद्धा और स्नेह से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम संयोजक श्रीमती किरण सिंह, सुरेश पाल, सतीश खत्री एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती अर्चना पंत ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि कॉलेज के सभागार में आयोजित इस समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। संजय गर्ग को माल्यार्पण, पुष्प गुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

अध्यापिका सोनम राणा एवं विद्यालय की छात्राओं ने कविता पाठ कर अपनी शुभकामनाएँ दीं। प्रधानाचार्य श्रीमती अर्चना पंत, श्रीमती किरण सिंह एवं श्रीमती लता हाड़ला ने कहा कि संजय गर्ग ने सदैव अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी एवं पूर्ण निष्ठा से किया। विद्यालय परिवार उनके उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना करता है।

इस अवसर पर कर्मचारी नेता बी.एस. पवार (प्रदेश अध्यक्ष), बी.डी. सेमवाल (प्रदेश मंत्री), चौधरी लोकेश, आसाराम डोभाल, अतुल शर्मा, सतीश खत्री, सुरेश पाल एवं अन्य गणमान्य लोगों ने कहा कि संजय गर्ग केवल कागजों में ही सेवानिवृत्त हुए हैं, उनका आशीर्वाद और स्नेह सभी के दिलों में सदैव बसा रहेगा। संगठन में उनके अमूल्य योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सजी-धजी गाड़ी में केक काटा गया, ढोल-नगाड़ों की थाप पर सभी झूमते हुए नाचे और उनके मंगलमय भविष्य की कामना की गई। पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण रहा।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्रीमती अर्चना पंत, कार्यक्रम संयोजक श्रीमती किरण सिंह, सुरेश पाल, अतुल शर्मा, सतीश खत्री, लता हाड़ाला, बी.एस. पवार, बी.डी. सेमवाल, चौधरी लोकेश, शंकर, आसाराम डोभाल, अनिल रावत, रामराज, सोनम राणा, रीना अग्रवाल, संदीप, श्रीमती रेशा, श्रीमती इंदू, अनीता नेगी, निमिषा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अग्रवाल समाज, लक्ष्मी नारायण मंदिर परिवार, पत्रकार एसोसिएशन, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एसोसिएशन, भगवान चित्रगुप्त सेवादल एवं एमकेपी शिक्षणेत्तर कर्मचारी एसोसिएशन ने भी अपनी शुभकामनाएँ भेंट कीं।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments