

विकासनगर में कर्मचारी यूनियन ने संरक्षक के प्रयासों को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि की वजह
विकासनगर । उत्तराखण्ड राज्य भण्डारण निगम के कर्मचारियों के लिए 7वें वेतनमान को उत्तराखण्ड मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने पर निगम कर्मचारियों और कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर यूनियन ने संरक्षक एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि निगम कर्मचारियों की वर्षों पुरानी इस न्यायोचित मांग को पूरा कराने के लिए रघुनाथ सिंह नेगी ने लगातार और गंभीर प्रयास किए। उन्होंने समय-समय पर शासन, सचिवालय तथा निगम प्रशासन के समक्ष कर्मचारियों का पक्ष प्रभावी ढंग से रखा और पूरे प्रकरण की सतत पैरवी करते हुए इसे अंतिम निर्णय तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके इन्हीं प्रयासों, मार्गदर्शन और नेतृत्व का नतीजा है कि आज यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि 7वें वेतनमान की स्वीकृति से निगम के सभी कर्मचारियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। उन्होंने उत्तराखण्ड सरकार, मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल, सहकारिता विभाग, निगम प्रशासन एवं संबंधित सभी अधिकारियों का भी आभार जताया, जिनके सकारात्मक सहयोग से यह वर्षों से लंबित मामला सफलतापूर्वक पूरा हो सका।
यूनियन संरक्षक रघुनाथ सिंह नेगी ने इस मौके पर कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि निगम के सभी कर्मचारियों की एकजुटता, धैर्य और विश्वास की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों और उनके न्यायोचित अधिकारों की रक्षा के लिए वे हर स्तर पर सहयोग देते रहेंगे।
इस अवसर पर यूनियन अध्यक्ष संतोष सिंह नेगी, उपाध्यक्ष मनोज नेगी, संयुक्त मंत्री राजेन्द्र कुमार जोशी, प्रचार मंत्री योगेन्द्र नेगी, राम अवतार आदि उपस्थित रहे।

Recent Comments