देहरादून, 17 फरवरी 2025 (सू वि का) – गत माह तहसील परिसर कालसी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान, जिलाधिकारी सविन बंसल के समक्ष जनता ने क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड स्कैन की सुविधा उपलब्ध न होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उप जिलाधिकारी/संयुक्त मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि सीएमओ से समन्वय कर जनमानस की असुविधा को हल करने की दिशा में कदम उठाए जाएं।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद, सीएचसी सहिया में रेडियोलॉजी मशीन उपलब्ध कराई गई है। अब नियमित रूप से सप्ताह में दो बार, मंगलवार और शुक्रवार को, एक रेडियोलॉजिस्ट सीएचसी सहिया में उपस्थित रहेंगे। इससे आम जनमानस को अल्ट्रासाउंड स्कैन के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इस क्रम में, 14 फरवरी 2025 को रेडियोलॉजिस्ट द्वारा सीएचसी सहिया में चार लोगों का अल्ट्रासाउंड स्कैन किया गया, जिससे जनता में संतोष का अनुभव हुआ है।
स्थानीय लोगों ने इस सुविधा की शुरुआत के लिए जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया है, और उम्मीद जताई है कि इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ बेहतर ढंग से मिलेगा।

Recent Comments