गंगोत्री-यमुनोत्री तक ऑलवेदर रोड पहुंचाने का काम तेज हुआ

उत्तरकाशी(आरएनएस)।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 27 फरवरी को मुखबा-हर्षिल में प्रस्तावित दौरे से जहां गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कायाकल्प की उम्मीद की जा रही है, वहीं पीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट में शुमार ऑलवेदर रोड जल्द गंगोत्री-यमुनोत्री तक पहुंचाने की कवायद तेज कर दी गई है। पीएम मुखबा-हर्षिल के प्रस्तावित दौरे पर पहुंच रहे हैं तो उम्मीद इस बात की भी जताई जा रही है कि आने वाले समय में जल्द ही गंगोत्री-यमुनोत्री के लिए ऑलवेदर रोड पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगी। वर्ष 2016 में उत्तराखंड के चारों धाम के लिए केंद्र सरकार ने 12 हजार करोड़ की ऑलवेदर रोड का शिलान्यास किया था। गंगोत्री-यमुनोत्री के लिए बन रही ऑलवेदर रोड प्रोजेक्ट की ताजा स्थिति पर नजर डालें तो, लंबे इंतजार के बाद उत्तरकाशी से गंगोत्री तक गंगोत्री हाईवे के चौड़ीकरण कार्य के जल्द शुरू होने की उम्मीद है। बीआरओ को लगभग शेष 100 किमी एरिया में चौड़ीकरण कार्य के लिए फारेस्ट क्लीयरेंस का इंतजार है, जिसे मार्च अंत तक क्लीयरेंस मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। जिसके बाद तत्काल हाईवे को डबल लेन करने की प्रक्रिया शुरू होगी। उत्तरकाशी ओपन टनल से लेकर गंगोत्री धाम तक हाईवे के चौड़ीकरण के लिए तैयारी अंतिम दौर में है। पांच पैकेज में इस हिस्से को डबल लेन किया जाना है।
बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि करीब दो सौ करोड़ की लागत से होने वाले इस चौड़ीकरण कार्य के लिए जून 2023 में ईको सेंसिटिव जोन कमेटी की बंदिशें खत्म होने के बाद फारेस्ट क्लीयरेंस का इंतजार है। प्रथम तीन पैकेज में काम के लिए डीपीआर बनकर तैयार है। इसी तरह यमुनोत्री के लिए एनएच-123 के अंतर्गत लक्वाड़ से बड़कोट दोबाटा तक 70 किमी हिस्से और धरासू से फूलचट्टी तक करीब 70 किमी हिस्से को मिलाकर लगभग 140 किमी सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। हालांकि, यमुनोत्री हाईवे-123 को चारधाम प्रोजेक्ट में शामिल नहीं किया गया है, लेकिन इसके चौड़ीकरण का कार्य ऑलवेदर की तर्ज पर ही किया जा रहा है। दरअसल, यमुनोत्री धाम दो हाईवे से जुड़ा है। इनमें एक हरबर्टपुर-बड़कोट संख्या 123 और दूसरा धरासू बैंड फूलचट्टी संख्या 94 है, लेकिन चारधाम सड़क परियोजना में धरासू बैंड फूलचट्टी 94 को शामिल किया गया है। यमुनोत्री हाईवे पर अभी तक धरासू से सिलक्यारा और पॉल गांव से पालीगाड तक लगभग 45 किमी रोड डबल लेन हो चुकी है। पालीगाड से जानकीचट्टी तक 22 किमी हिस्से के चौड़ीकरण को टेंडर हो गए हैं। लक्वाड़ से लेकर नैनबाग मरोड़ तक डबल लेन सड़क की डीपीआर तैयार की जा रही है। यहां रिखाऊखड्ड से नौगांव तक सड़क चौड़ीकरण के लिए भी टेंडर हो गए हैं, जो इसी महीने खुलेगा। इसी तरह नौगांव से बड़कोट तक डीपीआर स्वीकृति के लिए सरकार को भेज दी गई है। यमुनोत्री हाईवे पर ऑलवेदर परियोजना के तहत करीब 300 करोड़ के कार्य किए जाने हैं।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments