
देहरादून,11मार्च ,2025(आरएनएस ): भाजपा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष के पुतले को बम से उड़ाने के सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने सरकार से समाज विरोधी ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
वीडियो को बताया आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण:
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने एक बयान जारी कर इस वीडियो को बहुत आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह समाज के विभाजन और प्रदेश में हिंसक प्रवृत्ति को बढ़ावा देने वाली मानसिकता को दर्शाता है।
अराजक तत्वों को बताया राज्यद्रोही:
जोशी ने कहा कि ऐसे वीडियो बनाने वाले और उनका प्रोत्साहन करने वाले राज्यद्रोही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को प्रदेश में हो रहे विकास और युवाओं को मिल रहे रोजगार से कोई लेना-देना नहीं है। ऐसे लोग सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रम, अफवाह और झूठ फैलाते हैं।
सभ्य समाज के लिए चेतावनी:
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस वीडियो में जिस तरह का चित्रण किया गया है वह सभ्य समाज के लिए भी कड़ी चेतावनी है। संविधान में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इसकी आड़ में इस तरह की आपराधिक और समाजद्रोही मानसिकता अक्षम्य है।
सरकार से कार्रवाई की मांग:
भाजपा ने सरकार से इस वीडियो को बनाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की अपील की है।

Recent Comments