राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर जिलों और ब्लॉकों में लगेंगे बहुद्देशीय शिविर

देहरादून,22मार्च 2025(आरएनएस )मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर व्यापक स्तर पर बहुद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाए। ये शिविर 22 से 25 मार्च तक जिला मुख्यालयों में और 24 से 30 मार्च तक विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य उपकरणों सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन आयोजनों को जन-जन का कार्यक्रम बनाया जाए और इसमें समाज के प्रतिष्ठित लोगों, राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित व्यक्तियों, विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों तथा पर्यावरण, जल संरक्षण, खेती, बागवानी और अन्य क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वालों को शामिल किया जाए। साथ ही, सरकारी योजनाओं के माध्यम से सफलता प्राप्त करने वाले व्यक्तियों की कहानियों को भी जनता तक पहुंचाया जाए।

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने होम स्टे योजना, स्वरोजगार और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने, कुटीर और लघु उद्योगों के विकास में तेजी लाने तथा जल संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी समेत सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments