भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने में जुटी सरकार: मुख्यमंत्री

हरिद्वार,22मार्च 2025(आरएनएस )। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारे शास्त्र केवल ग्रंथ या किताबें नहीं हैं, बल्कि सृष्टि के रहस्यों को जानने-समझने का विशिष्ट माध्यम हैं। भारतीय वेद, उपनिषद और पुराण आधुनिक विज्ञान को भी सशक्त बना रहे हैं। उन्होंने यह विचार शुक्रवार को पतंजलि विश्वविद्यालय, हरिद्वार में आयोजित 62वें अखिल भारतीय शास्त्रोत्सव के समापन समारोह में व्यक्त किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे शास्त्र योगासन, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से शरीर व मस्तिष्क को स्वस्थ रखने की शिक्षा देते हैं। साथ ही, गणित, ज्यामिति, व्याकरण, भौतिकी, रसायन, चिकित्सा और खगोल विज्ञान के गूढ़ रहस्यों को उजागर करते हैं। उन्होंने कहा कि शून्य और दशमलव की खोज भारतीय गणितज्ञों की देन है, जिस पर आधुनिक विज्ञान टिका हुआ है।

भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृति को वैश्विक सम्मान मिल रहा है। राज्य सरकार भी प्रदेश की प्राचीन संस्कृति व ज्ञान को संरक्षित और संवर्धित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने विद्वानों से आग्रह किया कि वेदों और उपनिषदों को सरल व व्यावहारिक रूप से युवा पीढ़ी तक पहुंचाने पर विचार करें।

विद्यार्थियों का किया सम्मान

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शास्त्रोत्सव प्रतिस्पर्धा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया और ‘वेद, दर्शन और उपनिषदों का सार’ पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन भारतीय संस्कृति व परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

शास्त्रोत्सव में देशभर के विद्वानों की उपस्थिति

समारोह में नेपाल सहित देश के 25 से अधिक राज्यों से विद्वान, शोधकर्ता, शास्त्र प्रेमी और विद्यार्थी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि परिवार को भारतीय ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य बालकृष्ण, योग गुरु बाबा रामदेव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विधायक प्रदीप बत्रा, आदेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, महापौर अनीता अग्रवाल, जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments