रामनगर,22मार्च 2025(आरएनएस )मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रामनगर स्थित जिम कॉर्बेट मेरियट रिजॉर्ट के शुभारंभ अवसर पर वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। उन्होंने मेरियट समूह को नए रिसॉर्ट के उद्घाटन पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि उत्तराखंड का प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता इसे वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित कर रही है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, रोजगार के नए अवसर होंगे सृजित
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक अंतरराष्ट्रीय आकर्षण का केंद्र है। हर साल हजारों पर्यटक यहां आकर राज्य की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करते हैं। इस नए रिजॉर्ट के खुलने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन हब बनाने की दिशा में प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “डेस्टिनेशन उत्तराखंड” को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नई पर्यटन नीति के तहत बड़े होटल और रिसॉर्ट समूह राज्य में निवेश कर रहे हैं, जिससे पर्यटन उद्योग को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि तीर्थाटन और पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के मजबूत आधार हैं, जो प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार और व्यापार के अवसर प्रदान कर रहे हैं।
धार्मिक और साहसिक पर्यटन को मिल रही नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार धार्मिक, साहसिक, ईको-टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म, एग्रो-टूरिज्म और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। “मानसखंड कॉरिडोर योजना” के तहत कुमाऊं क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष से “शीतकालीन यात्रा” भी प्रारंभ की गई है, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने हर्षिल-मुखबा की यात्रा कर प्रोत्साहित किया। इससे राज्य में सालभर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
साहसिक पर्यटन और फिल्म उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ट्रैकिंग, रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, स्कीइंग और माउंटेनियरिंग जैसी साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इसके साथ ही, फिल्म शूटिंग को सरल बनाने के लिए “सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम” लागू किया गया है। इससे देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में शूटिंग के लिए प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार रामनगर, मसूरी, नैनीताल, औली, चौकोरी और मुनस्यारी जैसे पर्यटन स्थलों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थान दिलाने के लिए विशेष प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य लोग
इस अवसर पर रामनगर के विधायक श्री दीवान सिंह बिष्ट, मेयर श्री दीपक बाली, श्री विनय जिंदल, श्रीमती रेखा जिंदल, श्री विकास जिंदल, श्री अरुण कुमार, श्री बांके गोयनका सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पर्यटन विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री के इस संबोधन से स्पष्ट है कि उत्तराखंड सरकार पर्यटन उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सतत प्रयासरत है। जिम कॉर्बेट क्षेत्र में इस नए मेरियट रिजॉर्ट के खुलने से न केवल पर्यटन को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक समृद्धि भी बढ़ेगी।

Recent Comments