इंजीनियरिंग में महिला भागीदारी बढ़ाने की दिशा में रेखा आर्या का संकल्प

उत्तराखंड पावर जूनियर इंजीनियर ऑर्गनाइजेशन के 11वे महाधिवेशन में शामिल हुई कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या

देहरादून,15अप्रैल 2025। उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने तकनीकी क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने की वकालत की है। मंगलवार को यमुना कॉलोनी स्थित अधिकारी मनोरंजन सदन में उत्तराखंड पावर जूनियर इंजीनियर संगठन के 11वें महाअधिवेशन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में भी महिलाओं की मजबूत उपस्थिति हो।

उन्होंने कहा कि भले ही आज महिलाएं तकनीकी दुनिया की ओर कदम बढ़ा रही हैं, लेकिन अब भी उनकी संख्या अपेक्षा से कम है। “मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में यह असंतुलन दूर होगा और महिलाएं इस क्षेत्र में भी पुरुषों के समकक्ष नज़र आएंगी,” मंत्री ने आत्मविश्वास से कहा।

इस दौरान उन्होंने संगठन द्वारा उठाई गई प्रमोशन, पेंशन और वेतन विसंगतियों जैसी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सरकार ने इस दिशा में सकारात्मक पहल शुरू कर दी है। प्रमोशन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जो तय समयसीमा में अपनी रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार त्वरित निर्णय लेगी ताकि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी प्रमोशन से वंचित न रहे।

रेखा आर्या ने यह भी आश्वासन दिया कि जूनियर इंजीनियरों की अन्य मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी विभाग की सफलता में उसके कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और कर्मठता का अहम योगदान होता है।

कार्यक्रम के दौरान 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन में विद्युत विभाग की भूमिका की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि इंजीनियर्स की सजगता और तत्परता के कारण ही समस्त व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण हो सकीं।

महाअधिवेशन के मौके पर संगठन की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, महासचिव पवन सिंह रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राहुल अग्रवाल, एन. कोठियाल, आर.के. जैन, जे.सी. पंत समेत संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments