देहरादून,16अप्रैल 2025 : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से वन विभाग को कैंपा योजना के अंतर्गत खरीदे गए 23 बोलेरो कैम्पर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन उत्तराखंड के संवेदनशील वन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, वन अपराधों पर नियंत्रण, वनाग्नि प्रबंधन और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी घटनाओं में समय पर कार्रवाई के उद्देश्य से उपयोग में लाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि अत्याधुनिक वाहनों की यह सुविधा वन विभाग की कार्यक्षमता को और अधिक मजबूत बनाएगी। इनका उपयोग न केवल रेस्क्यू कार्यों में बल्कि वृक्षारोपण अभियानों की निगरानी, भू-स्खलन, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्यों के लिए भी किया जाएगा।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने जानकारी दी कि कैंपा योजना के अंतर्गत प्रदेश में बजट में निरंतर वृद्धि हो रही है। वर्ष 2023-24 में 237 करोड़ रुपये एवं 2024-25 में 302 करोड़ रुपये व्यय किए गए। आगामी वर्ष 2025-26 के लिए 439.50 करोड़ रुपये की वार्षिक योजना भारत सरकार को स्वीकृति हेतु भेजी गई है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक डॉ. धनंजय मोहन सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश सरकार के इस कदम को वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

Recent Comments