किसानों को मिली सम्मान निधि क़ी 20वीं किश्त ,उत्तराखंड को 184 करोड़ की सौगात

वाराणसी/देहरादून। वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त के तहत देशभर के 9.71 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 20,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का डिजिटल हस्तांतरण किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के 8.28 लाख से अधिक किसान परिवारों को 184.25 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई।

देहरादून के गढ़ीकैंट से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से भाग लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों की आय दोगुनी करने और जीवन स्तर सुधारने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक उत्तराखंड के किसानों को 3,300 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाएं किसानों को सुरक्षा और वैज्ञानिक मार्गदर्शन प्रदान कर रही हैं। राज्य सरकार द्वारा तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण, फार्म मशीनरी बैंक योजना में 80% सब्सिडी, पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ का प्रावधान, सिंचाई की मुफ्त सुविधा और फसल पर बोनस जैसी अनेक पहलें की गई हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य में नई सेब नीति, कीवी नीति, स्टेट मिलेट मिशन और ड्रैगन फ्रूट नीति लागू की गई हैं, जिनके तहत बागवानी को बढ़ावा देने के लिए 80% तक की सब्सिडी दी जा रही है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड को देश में पहला स्थान मिला है। राज्य ने समान नागरिक संहिता लागू कर देश में अग्रणी भूमिका निभाई है। नकल विरोधी कानून के बाद 24 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है, जबकि धर्मांतरण और दंगों के खिलाफ सख्त कानूनों के तहत कार्रवाई की गई है। लैंड जिहाद पर कठोर कदम उठाते हुए 6,500 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया है। ऑपरेशन कालनेमि के तहत पाखंडियों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि उत्तराखंड को वर्ष 2023-24 में मिलेट सेक्टर में सर्वश्रेष्ठ प्रदेश का पुरस्कार मिला है। मृदा स्वास्थ्य, जैविक कृषि और फसल बीमा योजनाओं में राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुए हैं। नैनीताल के हर्ष सिंह डंगवाल को जैविक इंडिया अवार्ड मिला, जबकि उत्तरकाशी, हरिद्वार और टिहरी को विभिन्न श्रेणियों में राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हुई।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, बृज भूषण गैरोला, पूर्व सांसद बलराज पासी, सचिव एस.एन. पाण्डेय, महानिदेशक कृषि रणवीर सिंह चौहान सहित प्रदेशभर से आए किसान उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments