
देहरादून: राजपुर क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना को दून पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। गोली चलाकर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी गौतम अहलावत को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी (UP12 BY 0007) भी बरामद कर ली है।
यह घटना 8 और 9 अगस्त की देर रात राजपुर क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट के बाहर हुई थी। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां, संभव गुरुंग नाम का एक युवक गोली लगने से घायल मिला, जिसे तुरंत मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया। जांच में पता चला कि संभव गुरुंग अपने दोस्तों के साथ खाना खाने गया था, जहां एक छोटी सी बात पर उनका दो युवकों और एक युवती से विवाद हो गया था। यह विवाद रेस्टोरेंट के बाहर भी जारी रहा, जहां संभव गुरुंग के 10-12 साथियों ने दूसरे पक्ष के युवक को घेर लिया। इसी दौरान आरोपी गौतम अहलावत ने डराने के लिए हवा में गोली चलाई, जो संभव गुरुंग के चेहरे पर लग गई।
संभव गुरुंग के परिवार की तहरीर पर राजपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान गौतम अहलावत (24) के रूप में की, जो मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर मुजफ्फरनगर बायपास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल भागते समय रास्ते में फेंक दी थी, जिसे बरामद करने के लिए पुलिस आरोपी की रिमांड लेगी। फिलहाल, घायल युवक का इलाज मैक्स अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

Recent Comments