देहरादून। देश की राजधानी दिल्ली में संसद भवन से चुनाव आयोग कार्यालय तक इंडिया गठबंधन के नेताओं द्वारा निकाले गए मार्च के दौरान पुलिस ने नेता विपक्ष लोकसभा राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार समेत कई नेताओं को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई की तीखी आलोचना करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने इसे सत्ताधारी भाजपा की बौखलाहट करार दिया।

धस्माना ने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी का जो खुलासा देश के सामने रखा है, उसका कोई संतोषजनक जवाब न तो चुनाव आयोग दे पा रहा है और न ही केंद्र सरकार। इसके बजाय भाजपा उल्टा इंडिया गठबंधन नेताओं पर जनता को गुमराह करने के आरोप लगा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग, जो देश की जनता के मतदान अधिकार की रक्षा के लिए स्वतंत्र और स्वायत्त संवैधानिक संस्था है, अब सत्ताधारी दल के साथ मिलकर वोट चोरी में सहभागी बन गया है।

धस्माना ने चेतावनी दी कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इस लड़ाई को पूरे देश में बड़े आंदोलन के रूप में चलाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी वोट चोरी के खिलाफ पार्टी हर स्तर पर अभियान चलाएगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता के बीच जाएगी।

Recent Comments