देहरादून। पटेलनगर पुलिस ने एक नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई लगभग 04 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी भी बरामद कर ली है।
दिनांक 15-08-2025 को वादी राम सुमेर ने कोतवाली पटेलनगर में अपने घर में अज्ञात चोरों द्वारा घर का ताला तोड़कर ज्वैलरी और अन्य सामान चोरी करने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्ध की पहचान की।
पुलिस ने दिनांक 16-08-2025 को गश्त/चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पटेलनगर पुलिस द्वारा राधा स्वामी सत्संग के गेट के सामने उदय विहार गेट पटेलनगर के पास से घटना में शामिल अभियुक्त नौसाद पुत्र नूर हसन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में चुराई गई लगभग 04 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी बरामद हुई।
अभियुक्त नौसाद ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उसने उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वह चोरी की ज्वेलरी को बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त से पूछताछ में उसका पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में जेल जाना प्रकाश में आया है।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की ज्वेलरी बरामद कर ली है। पुलिस टीम में निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी, उ0नि0 हर्ष अरोड़ा, उ0नि0 महावीर सिंह संजवाण, का0 अरविंद बर्थवाल और का0 विपिन कुमार शामिल थे।

Recent Comments