देहरादून। 79वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि खेल मंत्री रेखा आर्या ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित छात्र-खिलाड़ियों, शिक्षकों व अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक खेल डॉ. आशीष चौहान, प्रभारी अपर निदेशक अजय अग्रवाल, प्रभारी संयुक्त निदेशक शक्ति सिंह, सहायक निदेशक संजीव पौरी, उपप्रधानाचार्य मीना सिंह, खेल प्रभारी प्रदीप कुमार कौशल, समस्त शिक्षक, प्रशिक्षक, कार्यालय स्टाफ और छात्र-खिलाड़ी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।

रेखा आर्या ने अपने संबोधन में कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता पाने के लिए निरंतर श्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपनी लगन और परिश्रम से खेल की ऊँचाइयों को छूकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रतिभाशाली बॉक्सिंग खिलाड़ी मनीष कोरंगा को नोएडा, उत्तर प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर सम्मानित किया गया। मंत्री ने मनीष की उपलब्धि को राज्य के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए अन्य खिलाड़ियों से भी उनसे प्रेरणा लेने का आग्रह किया।

समारोह के अंत में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया।

Recent Comments