देहरादून, 16 अगस्त । देहरादून जनपद में 15 अगस्त 2025 को 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिले के सभी सार्वजनिक स्थानों, शासकीय व गैर-शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए गए।
क्लेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सविन बंसल ने सुबह 9:00 बजे ध्वजारोहण कर जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी विभागों, शिक्षण संस्थाओं और गैर-सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि देश को बड़े संघर्षों और बलिदानों के बाद आजादी मिली है। उन्होंने स्वतंत्रता के महत्व को समझने और इसे संजोने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आजादी न केवल एक अधिकार है, बल्कि एक दायित्व भी है। सभी को निष्ठा, ईमानदारी और कर्मठता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर भारत के नवनिर्माण में योगदान देना चाहिए।

जिलाधिकारी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्रों की तरह हमें अपनी नैतिक जिम्मेदारियों को समझना होगा और देश के अंतिम छोर तक सरकार की विकास योजनाएं, मूलभूत सुविधाएं और सामाजिक सेवाएं सुगमता से पहुंचानी होंगी। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सपना साकार हो सके।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जय भारत सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह सहित क्लेक्ट्रेट परिसर के सभी पटलों के वरिष्ठ अधिकारी और कार्मिक उपस्थित थे।

Recent Comments