

हल्द्वानी। नैनीताल जिला पंचायत चुनाव में मतदान के दौरान हुए विवाद ने नया रुख ले लिया है। गुरुवार को हुए हंगामे के बीच कांग्रेस ने दावा किया था कि उनके समर्थित पांच जिला पंचायत सदस्यों का बीजेपी नेताओं और दबंगों ने हथियारों के बल पर अपहरण कर लिया है। वहीं, बीजेपी ने भी कांग्रेस पर ऐसा ही आरोप लगाया था। दो दिनों तक चले इस विवाद के बीच शुक्रवार देर शाम सभी लापता जिला पंचायत सदस्यों ने एक वीडियो जारी कर स्थिति स्पष्ट की।
वीडियो में पांचों सदस्य नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर उनके अपहरण की खबरें चल रही हैं, लेकिन ये पूरी तरह गलत हैं। उनका अपहरण नहीं हुआ है और वे अपनी मर्जी से कहीं घूमने गए हैं। उन्होंने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है, वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और जल्द ही सबके सामने होंगे।
गौरतलब है कि गुरुवार को नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान के दौरान जमकर हंगामा हुआ था। कांग्रेस ने बीजेपी पर उनके समर्थित पांच सदस्यों के अपहरण का आरोप लगाया था। इस मामले ने तूल पकड़ा और बात नैनीताल हाईकोर्ट तक पहुंच गई। कोर्ट ने चुनाव स्थगित करने का आदेश दिया था। हालांकि, जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान और मतगणना हो चुकी है, लेकिन परिणाम कोर्ट के निर्देश पर घोषित किया जाएगा। इस मामले में अब 18 अगस्त को हाईकोर्ट में अगली सुनवाई होगी। इससे पहले, शुक्रवार शाम को लापता बताए गए पांचों सदस्यों ने वीडियो जारी कर अपनी सुरक्षा की पुष्टि कर दी। इस बीच बता दें कि इसी मुद्दे को लेकर हल्द्वानी में कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष ने एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन भी किया।

Recent Comments