अल्मोड़ा। सेवानिवृत्त केंद्रीय कर्मचारी कल्याण समिति अल्मोड़ा का 13वां वार्षिक सम्मेलन एक निजी होटल में संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. पीसी जोशी ने की। इस अवसर पर समिति ने 80 वर्ष पूर्ण करने पर त्रिलोक सिंह कड़ाकोटी को सम्मानित किया और समिति की 12वीं स्मारिका का विमोचन किया गया। सम्मेलन में वक्ताओं ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सीजीएचएस सेवाओं से वंचित होने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चिकित्सा भत्ता एक हजार से बढ़ाकर चार हजार रुपये किया जाए और इसमें डीए भी जोड़ा जाए। साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों को सीजीएचएस के तहत इलाज के लिए अधिकृत करने की मांग की गई। कर्मचारियों ने कहा कि सेवा के दौरान मिलने वाली सीएसडी कैंटीन सुविधा सेवानिवृत्ति के बाद भी जारी रहनी चाहिए। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिक पेंशनरों को रेल किराये में छूट देने की मांग भी की गई। सम्मेलन में नगर की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इसमें गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने, स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने, प्लास्टिक व थर्माकोल पर रोक, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने, आवारा पशुओं से निजात दिलाने और बस अड्डों पर निशुल्क शौचालय की व्यवस्था करने जैसी मांगें शामिल रहीं। रोडवेज की बसों का संचालन पूर्ववत माल रोड से करने तथा पुराने संग्रहालय परिसर में बहुउद्देशीय भवन बनने पर उसमें बस पूछताछ कक्ष स्थापित करने की भी मांग की गई। कार्यक्रम का संचालन आरपी जोशी ने किया। सम्मेलन में हर्षवर्धन चौधरी, नवीन चंद जोशी, राजेंद्र प्रसाद जोशी, ललित मोहन जोशी, नारायण दत्त पांडे, एचडी कांडपाल, हरीश लाल सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त केंद्रीय कर्मचारी मौजूद रहे।

Recent Comments