देहरादून। रानीपोखरी क्षेत्र में स्थित श्री महादेव जी महाराज मन्दिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल एक नाबालिग को पकड़ा है और उसके कब्जे से चोरी की गयी नगदी भी बरामद कर ली है।
घटना 14 अगस्त को सामने आई थी, जब मन्दिर समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह चौहान ने थाना रानीपोखरी में तहरीर दी कि अज्ञात चोरों ने मन्दिर के गर्भगृह स्थित दान पात्र को तोड़कर उसमें रखे पैसे चोरी कर लिये हैं। इस पर थाना रानीपोखरी में मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस टीम को जांच के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर टीम ने लगातार पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 16 अगस्त को गश्त और चेकिंग के दौरान बड़कोट रोड रानीपोखरी की ओर से आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पकड़े गए नाबालिग के पास से मन्दिर से चोरी किए गए 8070 रुपये नकद भी बरामद किए गए। विधिक प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण अधिकारी की देखरेख में उस किशोर को संरक्षण में लिया गया है।

Recent Comments