देहरादून। शहर के रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में घूम रही एक चार वर्षीय बच्ची को दून पुलिस ने सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर एक परिवार की चिंता को राहत और चेहरे पर मुस्कान में बदल दिया।
कोतवाली नगर क्षेत्र में सिटी कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक छोटी बच्ची अकेली रेलवे स्टेशन के पास भटक रही है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी पर लाया गया। स्नेहपूर्वक बातचीत में बच्ची ने अपना नाम संचिया, पिता का नाम रामविलास और माता का नाम माला देवी बताया। उसने यह भी बताया कि वह अपने नाना के घर आई हुई है, लेकिन उनका पता नहीं जानती।
बच्ची की पहचान और परिजनों की तलाश के लिए पुलिस ने सिटी कंट्रोल ग्रुप और थाना ग्रुप को सक्रिय किया। लक्खीबाग क्षेत्र में जानकारी जुटाने पर बच्ची के नाना भजन पासवान चौकी पहुंचे और बताया कि संचिया घर के बाहर बच्चों के साथ खेलते-खेलते रास्ता भटक गई थी। परिवार भी उसे आसपास ढूंढ रहा था, जब उन्हें स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि बच्ची चौकी में सुरक्षित है।
दून पुलिस ने बच्ची को सकुशल परिजनों के सुपुर्द करते हुए भविष्य में विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी। बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
यह घटना न केवल पुलिस की सजगता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि जब सेवा भाव और संवेदनशीलता साथ चलते हैं, तो समाज में भरोसे की एक मजबूत डोर बंधती है।

Recent Comments