देहरादून में यातायात प्रबंधन को नई दिशा

11 जंक्शनों पर लगे आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल

देहरादून ।  राजधानी देहरादून में सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से शहर के 11 प्रमुख जंक्शनों पर नए ट्रैफिक सिग्नल स्थापित कर दिए गए हैं। इन सिग्नलों के साथ-साथ पुलिस के सीसीटीवी कैमरे भी स्मार्ट कंट्रोल रूम से पहली बार इंटीग्रेट किए गए हैं, जिससे सड़क पर यातायात की निरंतर निगरानी और बेहतर नियंत्रण संभव हो सकेगा।

किन-किन स्थानों पर लगे सिग्नल
जिला प्रशासन की इस पहल के अंतर्गत महाराणा प्रताप चौक, नालपानी चौक, मोथोरावाला चौक, आईटी पार्क, ट्रांसपोर्ट नगर, प्रेमनगर चौक, सुधोवाला चौक, रांगड़वाला, सेलाकुई बाजार तिराहा सहित कुल 11 जंक्शनों पर ट्रैफिक सिग्नल का काम पूरा कर लिया गया है। वहीं, धूलकोट तिराहा और डाकपत्थर तिराहा पर कार्य तेजी से जारी है।

सौंदर्यीकरण और सांस्कृतिक पहचान पर भी फोकस
यातायात व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासन शहर को और आकर्षक बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है। देहरादून स्थित साई मंदिर जंक्शन, कुठालगेट और दिलाराम चौक को पहाड़ी शैली में सौंदर्यीकृत किया जा रहा है। यहां की कलाकृतियों के जरिए आने वाले पर्यटक उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से परिचित हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री की परिकल्पना पर हो रहा विकास
जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री की परिकल्पना को धरातल पर उतारते हुए शहर में न केवल नई स्लिप रोड और राउंडअबाउट का निर्माण किया है, बल्कि पारंपरिक शैली में चौराहों को भी विकसित किया जा रहा है। इन कार्यों का अंतिम चरण चल रहा है।

राज्य आंदोलनकारियों और परंपराओं को मिलेगा सम्मान
शहर के सौंदर्यीकरण के साथ ही प्रशासन राज्य आंदोलनकारियों की स्मृतियों और धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों को भी संरक्षित करने की दिशा में काम कर रहा है। मुख्य मार्गों और चौराहों को लोक परंपरा और राज्य की संस्कृति को दर्शाने वाली कलाकृतियों से सजाया जा रहा है, ताकि देहरादून आने वाले पर्यटक यहां की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से रूबरू हो सकें।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments