जोशीमठ। शनिवार रात जोशीमठ-मलारी हाईवे पर तमक नाले में आई तेज़ बाढ़ के कारण मोटर पुल बह गया, जिससे नीती घाटी का देश-दुनिया से संपर्क पूरी तरह कट गया है। इस मार्ग से सेना और आईटीबीपी की नियमित आवाजाही होती है, जो अब बाधित हो गई है।
इन दिनों नीती घाटी में देवी पूजन कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। लेकिन पुल बहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मलारी गांव के प्रधान देव सिंह राणा ने प्रशासन से वैकल्पिक मार्ग की तत्काल व्यवस्था की मांग की है।
कागा गांव के पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह राणा ने बताया कि पुल पहले से ही कमजोर स्थिति में था और शनिवार रात की बारिश ने उसे पूरी तरह बहा दिया। उन्होंने शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की है ताकि वाहनों की आवाजाही बहाल हो सके।
इसी बीच, कर्णप्रयाग से जोशीमठ को जोड़ने वाली 66 केवी विद्युत लाइन में फॉल्ट आने से तड़के तीन बजे से बिजली आपूर्ति भी बाधित है, जिससे क्षेत्र में जनजीवन और अधिक प्रभावित हुआ है।

Recent Comments