सांसद मणिकम टैगोर बोले– कार्यकर्ताओं की राय से तय होंगे जिला व महानगर अध्यक्ष
देहरादून। कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा देने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठन सृजन कार्यक्रम का आगाज़ किया है। उत्तराखंड, पंजाब, झारखंड और उड़ीसा सहित चार राज्यों में एक साथ शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य जमीनी कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्षों का चयन करना है।
देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम के लिए नियुक्त एआईसीसी पर्यवेक्षक और तमिलनाडु से सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि अब कांग्रेस में जिला और महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति लोकतांत्रिक विमर्श से होगी। उन्होंने बताया कि यह कोई चुनाव प्रक्रिया नहीं है, बल्कि एक स्वस्थ सेलेक्शन मॉडल है, जिसमें स्थानीय निकायों, सहकारिता, विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ चुके कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों से राय लेकर योग्य नेताओं का पैनल पार्टी हाईकमान को भेजा जाएगा।

“जमीनी कार्यकर्ताओं की राय से मजबूत होगा संगठन”
टैगोर ने कहा कि यह प्रयोग हरियाणा और गुजरात समेत कई राज्यों में सफलतापूर्वक पूरा किया गया है और आने वाले महीनों में पूरे देश में लागू होगा। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया में वे लगभग डेढ़ से दो हजार लोगों से संवाद करेंगे। टैगोर के सहयोग के लिए प्रदेश कांग्रेस द्वारा तीन पर्यवेक्षक— रणजीत सिंह रावत, ताहिर अली और जोत सिंह रावत— भी नियुक्त किए गए हैं।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सांसद टैगोर ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद में भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से हो रही वोटों की हेराफेरी का पर्दाफाश किया है, जिससे भाजपा बौखलाहट में है और जनता का ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून को आज देश के उन दस शहरों में गिना जा रहा है जो महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित हैं। यह डबल इंजन सरकार की असफलता का प्रमाण है।

संगठन सृजन कार्यक्रम की रूपरेखा
कार्यक्रम प्रभारी पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने कहा कि पारदर्शिता और निष्ठा के साथ 13 सितंबर तक संगठन सृजन की प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठकें लगातार आयोजित की जा रही हैं।
3 सितंबर को महानगर पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक होगी।
4 और 5 सितंबर को ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठकें होंगी।
तत्पश्चात 13 सितंबर तक समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद और राय-मशविरा कर पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट देंगे।
कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने पर्यवेक्षकों का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व विधायक हीरा सिंह बिष्ट, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश महामंत्री व मसूरी प्रत्याशी रही गोदावरी थापली, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Recent Comments