देहरादून। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तराखंड में अपने संगठन को मजबूती देने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए कार्यकारिणी का विस्तार किया। इस अवसर पर देहरादून प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष केदारनाथ पंडित ने वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर संगठन विस्तार की औपचारिक घोषणा की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केदारनाथ पंडित ने कहा कि पार्टी स्वर्गीय रामविलास पासवान जी के पदचिह्नों पर चल रही है और राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान जी के मार्गदर्शन में निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पार्टी तेजी से संगठन विस्तार कर रही है और हर जिले में कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी संजीव शर्मा ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य आगामी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में मजबूती से उतरना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में संगठन जमीनी स्तर तक सक्रिय किया जा रहा है ताकि जनता को एक सशक्त राजनीतिक विकल्प मिल सके। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य जनता की आवाज़ को मजबूती देना और संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाना है।”

नए पदाधिकारियों की नियुक्ति
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इनमें प्रमुख रूप से —
संदीप सिंघल – अध्यक्ष, महानगर देहरादून
सुरेंद्र सिंह चौहान – जिला अध्यक्ष, उधम सिंह नगर
श्रवण कुमार जैन – प्रदेश सचिव, उत्तराखंड
दीपक जुयाल – प्रदेश सचिव, उत्तराखंड
चंद्रपाल सिंह – प्रदेश सचिव, उत्तराखंड
दीपक शर्मा – प्रदेश सचिव, उत्तराखंड
राजकुमार यादव – प्रदेश महासचिव, उत्तराखंड
चंद्रपाल एडवोकेट – प्रदेश विधिक सलाहकार, उत्तराखंड
इस मौके पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी शपथ ली कि वे संगठन को मजबूत करने और जनता की सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।

संगठन में नई ऊर्जा
प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि पार्टी आने वाले समय में प्रदेशभर में जनसभाएं, प्रशिक्षण शिविर और संगठनात्मक बैठकें करेगी। उद्देश्य यह है कि उत्तराखंड के हर जिले और गांव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की नीतियां और विचारधारा पहुंचाई जा सके।
प्रेस वार्ता में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की नीतियों के प्रति विश्वास जताया और 2027 के चुनाव में संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Recent Comments