हरियाणा में बाढ़ व जलभराव से लाखों एकड़ फसलों को भारी नुकसान, भाजपा सरकार की व्यवस्था फेल : दुष्यंत चौटाला

चंडीगढ़ ,05 सितंबर (आरएनएस)। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि साल 2023 के बाद हरियाणा में बाढ़ और भारी बरसात के कारण किसानों की लाखों एकड़ फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की विफलता के कारण आज प्रदेशभर में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार की ओर से पंपिग की व्यवस्था समय रहते हुए नहीं की गई और न ही लगे हुए पंपों को दुरुस्त किया गया। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री को तुरंत पानी निकासी की व्यवस्था को संभालना चाहिए और किसानों को तुरंत मुआवजा मिलना चाहिए। वीरवार को दुष्यंत चौटाला कुरुक्षेत्र जिले में मारकंडा नदी के साथ लगते बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और पीड़ित किसानों से मिले।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने बाढ़ और बरसात से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने में देरी कर रही है, जो कि सरकार की कमी है। उन्होंने कहा कि साल 2023 में हरियाणा के करीब 12 जिलों में बाढ़ आई थी और उस समय गठबंधन सरकार में हमने सातवें दिन ही बाढ़ प्रभावित से प्रत्येक किसान के खाते में सात हजार रुपए मदद के लिए ट्रांसफर कर दिए थे, अब देरी क्यों हो रही है? दुष्यंत चौटाला ने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार को मकानों और पशुओं की क्षति की भी भरपाई करनी चाहिए।
दुष्यंत चौटाला ने आगे कहा कि माइनिंग और सिंचाई विभाग द्वारा बरसाती नदियों की खुदाई करके बांध बनाने की व्यवस्था पर भी सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। इतना ही नहीं खनन क्षेत्र में भी बांधों को मजबूत नहीं किया गया है। पंजाब में बाढ़ के सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आपदा की इस स्थिति में पंजाब के साथ आज हरियाणा का एक-एक का नागरिक खड़ा है और जेजेपी हर संभव मदद बाढ़ पीड़ितों की कर रही है। उन्होंने कहा कि जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं से पंजाब के लोगों की मदद करने का आह्वान किया है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments