
लखनऊ ,05 सितंबर (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में न शिक्षा है और न ही रोजगार। यदि शिक्षा और नौकरी इस सरकार के एजेंडे में होतीं तो 27 हजार प्राथमिक स्कूल बंद न किए जाते और 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को आंदोलन नहीं करना पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने विश्वविद्यालयों और स्कूलों की हालत बिगाड़ दी है और संस्थानों में केवल एक ही विचारधारा से जुड़े लोगों को बैठाकर उन्हें बर्बाद कर दिया है।शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि निजी विश्वविद्यालय नए प्रयोग और कोर्सेज लाकर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ा रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार ने सरकारी विश्वविद्यालयों को बदहाल कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने शिक्षा, शिक्षक और छात्रों सभी का भविष्य खतरे में डाल दिया है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा एक “इस्तेमाल करने वाली पार्टी” है, जो संस्थाओं को खत्म कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज और संस्थाओं में फर्जीवाड़ा आम बात हो गई है। मुख्यमंत्री खुद भाजपा के सदस्य नहीं रहे हैं, लेकिन अब भाजपा के लोगों का भविष्य बर्बाद करके कुर्सी पर बैठे हैं।चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए यादव ने कहा कि आयोग को निष्पक्ष रहना चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार, अधिकारियों और आयोग की तिगड़ी बन गई है। यही कारण है कि चुनावों में “वोटों की डकैती” हो रही है। उन्होंने कहा कि कुंदरकी और मिल्कीपुर समेत कई विधानसभा उपचुनावों में भाजपा ने धांधली की। उदाहरण देते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कुंदरकी में भाजपा को 36 फीसदी वोट मिले थे, लेकिन उपचुनाव में उसका आंकड़ा 77 फीसदी तक पहुंच गया, जो डकैती से कम नहीं है।उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सतर्क रहें और एक भी वोट वोटर लिस्ट से कटने न दें। कार्यकर्ताओं को वोट बनवाने, बचाने, डलवाने और गिनवाने की पूरी तैयारी करनी होगी। अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2024 का लोकसभा चुनाव हारने के बाद भाजपा को खुद पता है कि अब वह विधानसभा चुनाव भी हारेगी और यूपी में उसकी सरकार नहीं बचेगी।जीएसटी को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव को देखते हुए नया जीएसटी लेकर आई है। इस सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार और मुनाफाखोरी चरम पर है और इसमें कमी आने की कोई संभावना नहीं है।

Recent Comments