हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के Fit India Movement के तहत देश भर में आयोजित होने वाले “सांसद खेल महोत्सव-2025” को लेकर सांसद हरिद्वार एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें युवा कल्याण, खेल, शिक्षा, पंचायत विभाग, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय और भाजपा पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में महोत्सव की तैयारियों और अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर हरिद्वार से पंजीकरण अभियान का शुभारंभ किया गया था। यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा शक्ति को दिशा देने और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी का संकल्प है।बतौर कार्यक्रम, 21 सितम्बर से प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय स्तर पर होंगी, जिनमें अंडर-17 और 17+ वर्ग के खिलाड़ी शामिल होंगे। हरिद्वार जिले से अब तक सैकड़ों खिलाड़ी पंजीकरण कर चुके हैं। रावत ने निर्देश दिया कि 20 सितम्बर तक जिले के सभी विद्यालय और महाविद्यालयों से न्यूनतम 10 प्रतिभागियों का पंजीकरण अनिवार्य किया जाए।
हरिद्वार के लगभग 2400 विद्यालयों से सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पंजीकरण sansadkhelmahotsav.in पोर्टल पर 20 सितम्बर तक किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि विभागों के समन्वय और सक्रिय भूमिका से ही इस आयोजन को भव्यता और सफलता मिलेगी। अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मौसम की स्थिति देखते हुए वर्चुअल माध्यमों से भी छात्रों को प्रेरित करें और अधिकाधिक पंजीकरण करवाएं।
महोत्सव में कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, पिठ्ठू, खो-खो, रस्साकशी और फुटबॉल जैसे खेलों को बढ़ावा दिया जाएगा। रावत ने कहा कि इन खेलों का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाना, टीम भावना विकसित करना और नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना है।उन्होंने इसे युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना जगाने का महाअभियान बताते हुए कहा कि यह प्रयास भारत की ओलंपिक भागीदारी और Fit India Movement को नई दिशा देगा।बैठक में विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ. मधु सिंह, मेयर किरण जैसल, रुड़की मेयर, प्रदेश मंत्री श्यामवीर सैनी, परियोजना निदेशक डीआरडीए के.एन. तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरुंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Recent Comments