देहरादून में राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल शुभारंभ
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश के धार से ‘‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’’ और ‘‘आठवें राष्ट्रीय पोषण माह’’ अभियान का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अन्य पहलों का शिलान्यास भी किया और जनसमूह को संबोधित करते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को राष्ट्र निर्माण की नींव बताया।
यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), जिला अस्पतालों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में आयोजित किया जाएगा। एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की योजना है, जिससे यह देश में महिलाओं और बच्चों के लिए अब तक का सबसे बड़ा स्वास्थ्य अभियान बन जाएगा।


देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल रूप से भाग लिया। दोनों ने स्टॉलों का निरीक्षण किया और अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।
राज्यपाल ने कहा, “स्वस्थ और जागरूक नारी ही समाज को नई दिशा दे सकती है। यह अभियान परिवार और समाज की मजबूती की आधारशिला है।” उन्होंने प्रधानमंत्री की सोच को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनकी धड़कनें नारी शक्ति, युवा शक्ति, किसानों और गरीबों के लिए समर्पित हैं। उन्होंने स्वदेशी अपनाने पर बल देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की महिला स्व-सहायता समूहों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और पैकेजिंग को स्वदेशी मंत्र से नई क्रांति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का चहुंमुखी विकास हुआ है। उत्तराखण्ड में चारधाम परियोजना, हवाई सेवा विस्तार और आपदा राहत के क्षेत्र में प्रधानमंत्री का सहयोग सराहनीय रहा है। उन्होंने रैणी आपदा, जोशीमठ, सिलक्यारा और इस वर्ष की प्राकृतिक आपदाओं में केंद्र सरकार की तत्परता को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर यह अभियान शुरू होना विशेष महत्व रखता है। उन्होंने माताओं और बहनों से अपील की कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी बताया कि बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री धाम की यात्रा सुचारू रूप से चल रही है और यमुनोत्री धाम का मार्ग भी शीघ्र ही खोला जाएगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, रेखा आर्या, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, सविता कपूर, सुरेश गड़िया, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन और स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Recent Comments