

महिंद्रा ग्राउंड गढ़ी कैंट में होगा आयोजन, तीज सुंदरी प्रतियोगिता और पारंपरिक व्यंजन रहेंगे आकर्षण
देहरादून। गोरखाली समाज द्वारा भाद्रपद शुक्ल तृतीया के पावन पर्व पर हर साल मनाया जाने वाला हरितालिका तीज उत्सव इस बार भव्य रूप में मनाया जाएगा। गोरखाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी के तत्वाधान में 6 सितंबर को गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में एक दिवसीय तीज मेले का आयोजन किया जाएगा।
मेला सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। इस दौरान सुहागिन महिलाएं अखंड सौभाग्य और कन्याएं श्रेष्ठ वर की प्राप्ति के लिए निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करेंगी।
आयोजन को लेकर कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में लाइव तीज गायन, समूह नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी। साथ ही ‘तीज सुंदरी’ और ‘तीज प्रिंसेस’ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। समाज की वरिष्ठ महिलाओं को ‘वृद्ध महिला सम्मान’ से सम्मानित भी किया जाएगा। मेले में गोरखाली परंपरा के लजीज व्यंजनों के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कमेटी की अध्यक्ष माया पवार, संस्था अध्यक्ष प्रभा शाह, सचिव ज्योति कोटिया, संरक्षक सूर्य विक्रम शाही और मीडिया प्रभारी वंदना बिष्ट ने सभी क्षेत्रवासियों से अपनी संस्कृति और सभ्यता के संरक्षण के लिए अधिक से अधिक संख्या में मेले में शामिल होने की अपील की है।

Recent Comments