देहरादून/खटीमा। फरवरी 2019 में पुलवामा आतंकी हमले में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले 40 सीआरपीएफ जवानों की वीरांगनाओं (पत्नियों) को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने सम्मानित किया है। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक शहीद परिवार को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। उत्तराखंड के दो शहीद जवानों मोहन लाल रतूड़ी (देहरादून) और वीरेंद्र सिंह राणा (खटीमा) के परिवारों को भी यह सम्मान और सहायता राशि भेंट की गई।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने देहरादून के कारगी चौक स्थित शहीद मोहन लाल रतूड़ी के आवास पर जाकर उनकी पत्नी सरिता रतूड़ी, पुत्र राम और पुत्री गंगा से भावभीना मुलाकात की। उन्होंने परिवार की कुशलक्षेम जानी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं नेता विपक्ष राहुल गांधी का संदेश सुनाया।
श्री धस्माना ने कहा, “आपके पति ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। अब उनके परिजनों की देखभाल की जिम्मेदारी देश और समाज की है। कांग्रेस पार्टी हमेशा आपकी सेवा के लिए तैयार है।” उन्होंने सरिता रतूड़ी को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया और एआईसीसी की ओर से एक लाख रुपये का चेक भेंट किया।

वहीं, खटीमा में एआईसीसी के पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी और उपाध्यक्ष सूबे गोपाल सिंह गड़िया ने शहीद वीरेंद्र सिंह राणा की पत्नी रेणु राणा के आवास पर पहुंचकर उन्हें एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर स्थानीय ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चंद चक्रधर, सूबे कुंवर सिंह खनका, पीसीसी सदस्य उमेश राठौर, जिला महिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम देशभर में शहीदों के परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को दर्शाता है। कांग्रेस पार्टी ने इसके जरिए यह संदेश दिया है कि देश उन बहादुर सपूतों के त्याग को कभी नहीं भूल सकता, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा में अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया।

Recent Comments