गब्बर सिंह टैक्स पर गरजी कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह

मोदी पर स्वदेशी विरोधाभास का तंज: ब्रांड विदेशी बात स्वदेशी

देहरादून। कांग्रेस ने एक बार फिर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां देशवासियों को स्वदेशी अपनाने का संदेश देते हैं, वहीं खुद विदेशी लग्ज़री ब्रांड के उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी इटली के वुल्गारी ब्रांड का 45 हज़ार का चश्मा पहनकर स्वदेशी की बात करते हैं, जो जनता के साथ विरोधाभास है।”

डॉ. सिंह ने कहा कि जीएसटी लागू हुए आठ साल से ज़्यादा समय बीत गया, लेकिन आज भी भारतीय जनता पार्टी को इसकी खूबियाँ जनता को बतानी पड़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “अगर यह कर इतना ही लाभकारी होता तो भाजपा को इसके फायदे बार-बार गिनाने की ज़रूरत नहीं पड़ती।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जब जीएसटी को “गब्बर सिंह टैक्स” करार दिया था, तो यह उनकी दूरदृष्टि और आम जनता के दर्द को समझने का प्रमाण था। आज वही सच साबित हो रहा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि राहुल गांधी के दबाव और जनता के आक्रोश के चलते ही भाजपा सरकार को बार-बार जीएसटी स्लैब में संशोधन करने पड़े।

कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि आठ साल बाद भी सरकार कर व्यवस्था की खामियों को ठीक करने में क्यों नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों ने व्यापारियों और छोटे कारोबारियों को सबसे ज़्यादा प्रभावित किया है और देश की आर्थिक व्यवस्था पर बोझ बढ़ाया है।

डॉ. सिंह ने कहा कि भाजपा को यह समझना होगा कि जनता अब खोखले दावों और प्रचार से गुमराह नहीं होगी। “जनता जान चुकी है कि जीएसटी सुधार के नाम पर देश की रीढ़ छोटे व्यापारी और मध्यम वर्ग लगातार पिस रहे हैं,” उन्होंने जोड़ा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments