जनता के द्वार पहुंचे डीएम सविन बंसल: उटैल-बैसोगिलानी में बहुउद्देशीय शिविर में 166 शिकायतें, 56 का मौके पर समाधान

देहरादून। मुख्यमंत्री के ‘दुर्गम प्रथम’ संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने मंगलवार को विकासखंड कालसी के सुदूरवर्ती ग्राम उटैल-बैसोगिलानी में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया। प्रशासनिक अमले के साथ धुंध और उबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्तों को पार कर पहुंचे डीएम ने ग्रामीणों की समस्याएं सीधे सुनीं और समाधान के लिए तत्परता दिखाई।

जनता से सीधा संवाद, समस्याओं का त्वरित समाधान
शिविर में 166 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 56 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। जल संकट की शिकायतों पर जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजा गया और आधे घंटे में एटीआर मांगी गई।

गरीब को राहत, योजनाओं का लाभ सीधे हाथों में
उटैल निवासी जौहर सिंह का ₹15,000 का बिजली बिल माफ कर डीएम ने रायफल फंड से भुगतान की स्वीकृति दी। ‘नई दिशा महिला स्वयं सहायता समूह’ को ₹4 लाख की सब्सिडी और ₹5 लाख की फार्म मशीनरी प्रदान की गई। सहकारिता विभाग ने शिव कृषक समूह को ₹5 लाख और पशुपालक संदीप चौहान को ₹1.60 लाख का चेक सौंपा।

स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा की मजबूत पहल
शिविर में 442 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। एलोपैथिक चिकित्सकों ने 268, होम्योपैथी ने 140 लोगों का परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। समाज कल्याण विभाग ने 62 वृद्धजनों को सहायक उपकरण, 10 दिव्यांगों को पेंशन और व्हीलचेयर प्रदान की। बाल विकास विभाग ने पोषण माह के तहत 03 गोद भराई, 03 अन्नप्राशन, 10 किशोरी किट और 05 महालक्ष्मी किट वितरित कीं।

सड़क, बिजली, सिंचाई और आपदा राहत पर विशेष ध्यान
ग्राम कहानैरा, सरसोना, ददोहा, बंजरा, खतार, कोप्टी, भन्द्रोटा आदि गांवों से सड़क, विद्युत, शिक्षा, सिंचाई और आपदा राहत से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। डीएम ने लखवाड और व्यासी बांध से प्रभावित लोहाडी गांव के निवासियों की भूमि मुआवजे की मांग पर संज्ञान लिया। कहानैरा में आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन, पुलिया और रास्तों के लिए प्रस्ताव मांगा गया।

विभागीय समन्वय और योजनाओं की जानकारी
शिविर में 25 विभागों के स्टॉल लगे, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि विभाग ने 36 लोगों को पीएम किसान सम्मान निधि, 68 को कृषि यंत्र व दवाएं दीं। उद्यान विभाग ने 23 को औजार, बीज और कीटनाशक वितरित किए। पशुपालन विभाग ने 50 पशुपालकों को दवाएं दीं। मत्स्य विभाग को क्षेत्र में कैंप लगाकर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

प्रशासनिक सक्रियता और जन सहभागिता
शिविर में ब्लॉक प्रमुख मीरा चौहान, जिप सदस्य रेखा नेगी, एसडीएम योगेश मेहरा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम ने स्टॉलों का निरीक्षण कर जनता से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments