भाजपा प्रवक्ता की धमकी के खिलाफ कांग्रेस का धरना

धस्माना बोले: ‘भाजपा देश में हिंसा फैलाना चाहती है

देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दिए जाने के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना आज गांधी पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठे। धस्माना ने एक टीवी डिबेट में भाजपा प्रवक्ता द्वारा राहुल गांधी के सीने पर गोली मारने संबंधी बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की चुप्पी को चिंताजनक बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा देश में अब खुलेआम नफरत और हिंसा की राजनीति करना चाहती है।
गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर धरने पर बैठे धस्माना ने कांग्रेसजनों और मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के आधिकारिक प्रवक्ता द्वारा दिए गए इस घिनौने और हिंसात्मक बयान का भाजपा नेतृत्व ने आज तक न तो खंडन किया और न ही कोई कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि यह घटना आरएसएस और भाजपा के असली मंसूबों को दर्शाती है।

धस्माना ने आरोप लगाया कि जब बिहार में भाजपा से जुड़े एक व्यक्ति ने कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री मोदी को गाली दी थी, तब भाजपा ने पूरे देश में हंगामा खड़ा कर दिया था और कांग्रेस कार्यालयों पर हमले किए थे, जबकि इस बार अपने ही प्रवक्ता के हिंसक बयान पर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व खामोश है।
उन्होंने दावा किया कि असली कारण यह है कि जब से राहुल गांधी ने वोट चोरी का खुलासा सबूतों के साथ देश के सामने किया है, तब से भाजपा में भारी बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि भाजपा को डर है कि जनता वोट चोरी के खिलाफ सड़कों पर न उतर जाए, इसीलिए अब वह अपने बचाव के लिए देश को हिंसा और नफरत की आग में झोंकने की योजना पर काम कर रही है।
धस्माना ने कहा कि कांग्रेसजन बापू की जयंती की पूर्व संध्या पर यह संकल्प लेते हैं कि वे आरएसएस और भाजपा की नफरत की राजनीति का जवाब महात्मा गांधी के बताए प्रेम और अहिंसा के रास्ते से ही निडर होकर देंगे।
धरने की अध्यक्षता करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि आज पूरा देश भाजपा की वोट चोरी के बारे में जान गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा अब अपने सबसे मजबूत विरोधी नेता को शारीरिक रूप से समाप्त करने का आसान तरीका अपनाना चाहते हैं, जैसा उन्होंने गांधी वध करके किया था। डॉ. गोगी ने कहा कि वे भूल रहे हैं कि गांधी के शरीर को मारकर भी उनके विचार को नहीं मारा जा सका और इसीलिए उनकी नफरत की राजनीति कभी सफल नहीं होगी।
धरने में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जगदीश धीमान, पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, नगर निगम पार्षद मुकीम अहमद, सरदार अमरजीत सिंह, इलियास अंसारी, ललित भद्री, आदर्श सूद, राजेश उनियाल, सुनील जायसवाल, मंजू त्रिपाठी, पूनम कंडारी, मुकेश सोनकर, राजेश पुंडीर, इकराम, कमर सिद्दीकी, चंद्रपाल, अनुज दत्त शर्मा, गोपाल गड़िया, सावित्री थापा, वीरेंद्र पंवार, राम गोपाल वर्मा, मान सिंह और प्रमोद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments