देहरादून। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने आज वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय राजीव प्रताप के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके दीपनगर स्थित आवास पर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार इस मुश्किल समय में परिवार के साथ खड़ी है और सभी जरूरी सहयोग सुनिश्चित करेगी।
सूचना महानिदेशक ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी राजीव प्रताप के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। उत्तरकाशी के पुलिस उपाधीक्षक की अध्यक्षता में गठित यह टीम मामले के हर पहलू की गहराई से जांच करेगी और पूर्ण पारदर्शिता के साथ सच्चाई को सामने लाएगी।

इस दुखद घटना ने पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ा दी है।तिवारी ने कहा कि राजीव प्रताप के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा और सरकार उनके परिवार की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।

Recent Comments