देहरादून। राजपुर क्षेत्र में हुई सडक दुर्घटना के प्रकरण में वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा थानाध्यक्ष राजपुर को तत्काल निलम्बित किया गया था तथा उक्त प्रकरण के सम्बन्ध में प्राप्त प्रार्थना पत्र पर तत्काल अभियोग पंजीकृत करने के आदेश दिये गये थे, जिस पर तत्कालीन थानाध्यक्ष राजपुर के विरूद्ध उन्ही के थाने पर मु0अ0सं0: 192/25 धारा: 281, 324(4) बीएनएस के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया, जिसकी निष्पक्ष एंव पारदर्शी कार्यवाही हेतु अभियोग की विवेचना सीनियर इंसपेक्टर को सौंपी गई है।
घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में टीम भेजकर तत्कालीन थानाध्यक्ष राजपुर का मेडिकल परीक्षण करवाया गया तथा किसी भी संभावना को देखते हुए परीक्षण हेतु उनके ब्लड सैम्पल लिये गये, जिसे शीघ्र ही विस्तृत परीक्षण हेतु फ़ॉरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा।
इस प्रकरण पर कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों को संज्ञान में लेते हुए एसएसपी ने सभी थाना और शाखा प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अधीनस्थ कर्मियों को सरकारी निर्णयों पर सार्वजनिक टिप्पणी न करने के लिए आगाह करें। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार की गतिविधियां कर्मचारी आचरण नियमावली और पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन मानी जाएंगी, जिसके तहत दोषी पुलिसकर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Recent Comments