कांग्रेस का राज्यव्यापी हस्ताक्षर अभियान यात्रा आज से

देहरादून(आरएनएस)।   भाजपा सरकार की अग्निवीर योजना के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस चार अक्तूबर से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग इस अभियान की अगुवाई करेगा। विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी (सेनि) ने बताया कि आंदोलन की शुरुआत हस्ताक्षर यात्रा से होगी। शनिवार को सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को रवाना करेंगे। यह यात्रा पहले चरण में गढ़वाल मंडल के कोटद्वार, लैंसडौन, दुगड्डा, बुवाखाल, सतपुली, पौड़ी और श्रीनगर तक पहुंचेगी। नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रही है।

अग्निवीर योजना युवाओं के रोजगार और राष्ट्र की सुरक्षा दोनों के लिए घातक है। इसी विरोध को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। यात्रा दल में पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष (प्रशासन एवं कार्यालय) सूबेदार गोपाल सिंह गड़िया, हवलदार बलबीर सिंह पंवार, उपाध्यक्ष नायब सूबेदार राजपाल सिंह रावत और नवीन खत्री शामिल रहेंगे। कर्नल नेगी ने सभी पूर्व सैनिक विभाग के पदाधिकारियों से अपील की है कि अभियान के शुभारंभ पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर आंदोलन को मजबूती दें और यात्रा पर जा रहे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएं।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments