पौड़ी, 6 अक्टूबर: जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने सोमवार को नगर निकायों की समीक्षा बैठक में स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण, योजनाओं की प्रगति और अतिक्रमण हटाने जैसे मुद्दों पर कड़ी समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निकाय शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और स्रोत पर कूड़ा अलग-अलग संग्रहण सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिन निकायों में यह कार्य पूर्ण हो चुका है, वे प्रमाणपत्र प्रस्तुत करें। उन्होंने गीला और सूखा कूड़ा स्रोत पर ही अलग-अलग रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और निकाय कर्मियों की टीम गठित करने के निर्देश दिए। जल निकायों के आसपास डंपिंग जोन न बनने पाए, इसके लिए शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया।
कूड़ा निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले कांट्रेक्टरों पर जुर्माना लगाने और सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। हर सफाई कर्मी का पहचान सत्यापन अनिवार्य होगा। साथ ही, कूड़ा निस्तारण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

एकल प्रयोग प्लास्टिक पर रोक को प्रभावी बनाने के लिए चेकिंग अभियान चलाने और वैकल्पिक विकल्पों के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। सेप्टेज प्रबंधन और सीवर लाइन बिछाने के लिए वन विभाग से भूमि हस्तांतरण हेतु समन्वय करने को कहा गया। पौड़ी नगर निकाय को डीपीआर तैयार करने और सतपुली को शासन स्तर पर भेजी गई डीपीआर का फॉलोअप करने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण हटाने को लेकर भी डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए अद्यतन रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजने और जागरूकता वाहन चलाने के निर्देश दिए। विकासखण्ड कल्जीखाल के ग्राम सिलेथ में निर्माणाधीन गौशाला का कार्य 31 अक्टूबर तक पूर्ण कर संचालन शुरू करने को कहा गया।
पीएम स्वनिधि, पीएम विश्वकर्मा, यूसीसी पंजीकरण और ई-ऑफिस की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि अब नगर निकायों की समीक्षा बैठक प्रत्येक 15 दिन में आयोजित की जाएगी ताकि कार्यों की गुणवत्ता और पूर्णता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, नगर आयुक्त कोटद्वार पीएल शाह, सहायक नगर आयुक्त श्रीनगर रविराज बंगारी सहित सभी नगर निकायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Recent Comments