महिला उत्पीड़न प्रकरण में पौड़ी पुलिस की तत्परता—आरोपी जॉनी गिरफ्तार, भेजा सलाखों के पीछे

पौड़ी। महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता और कार्य तत्परता का परिचय देते हुए पौड़ी पुलिस ने महिला उत्पीड़न के एक गंभीर मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला ग्राम थापली, पट्टी कफोलस्यूं क्षेत्र का है, जहां गत 4 अक्टूबर की रात एक वृद्ध महिला के साथ अभद्रता और मारपीट की घटना सामने आई थी। 

जानकारी के अनुसार, महिला ने 5 अक्टूबर को राजस्व क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह अपने घर के बाहर अंगेठी पर रोटियां बना रही थी, तभी ग्राम तोली निवासी सैन भण्डारी उर्फ जॉनी (उम्र 31 वर्ष) अचानक उसके आंगन में पहुंचा और उसका हाथ पकड़कर कमरे में घसीटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने मारपीट की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। 

शिकायत के आधार पर राजस्व पुलिस ने महिला की तहरीर पर संबंधित धाराओं — धारा 333/115(2)/64/62/351(2)/352 बी.एन.एस.-2023 तथा धारा 3(1)(w)(i) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम — के तहत प्रकरण दर्ज किया। बाद में नायब तहसीलदार पौड़ी ने अपराध संख्या 02/2025 अंकित करते हुए यह मामला आगे की विवेचना के लिए रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किया। 

महिला से जुड़ी इस गंभीर वारदात को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी, लोकेश्वर सिंह ने तत्काल जांच पूर्ण करने के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर, तुषार बोरा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पतारसी-सुरागरसी करते हुए नामजद अभियुक्त सैन भण्डारी उर्फ जॉनी को गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक वेद प्रकाश, महिला उपनिरीक्षक हेमलता सेमवाल, हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और कांस्टेबल दिगंबर सिंह शामिल थे। पौड़ी पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है, जिससे महिलाओं में एक बार फिर विश्वास कायम हुआ है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments