कांग्रेस ने भुनाया ‘अग्निपथ’ का मुद्दा: रथ यात्रा के पहले चरण में दिखा व्यापक जन समर्थन

देहरादून। उत्तराखंड में अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस की जनजागरण रथ यात्रा के पहले चरण की समाप्ति पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने साफ शब्दों में कहा कि अग्निपथ योजना देश की सुरक्षा और सेना में भर्ती के आकांक्षी युवाओं के लिए विनाशकारी है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आते ही इस योजना को रद्द कर पूर्व की भांति नियमित भर्ती प्रक्रिया बहाल करेगी।

प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी ने बताया कि देहरादून से श्रीनगर तक यात्रा के दौरान जन संवाद व सभाओं में लोगों ने अभियान को भरपूर समर्थन दिया। कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर समेत कई नगरों में पूर्व सैनिक, महिलाएं और युवा वर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सतपुली में यात्रा की जनसभा में धस्माना ने कहा, “सेना में भर्ती होने वाले अग्निवीर को न युद्ध में शहीद का सम्मान, न रिटायरमेंट पर पेंशन; यह युवाओं की उम्मीदों के साथ अन्याय है।”

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और महिला कांग्रेस की महामंत्री रंजना रावत सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने यात्रा में भाग लेकर अग्निपथ योजना को देश की सुरक्षा और प्रदेश के सैनिक परंपरा के लिए घातक बताया। कर्नल नेगी ने जन सभाओं में कहा कि चार साल की अल्पावधि सेवा में सैनिक को न तो पर्याप्त प्रशिक्षण मिलता है, न भविष्य की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित होती है। उन्होंने बताया कि यात्रा के आगामी चरण कुमाऊं और तराई में भी जन जागरण की मुहिम जारी रखेंगे।

पत्रकार वार्ता में गोपाल सिंह गड़िया, खुशाल सिंह राणा, कैप्टन सहदेव शर्मा, बलवीर सिंह पंवार, हवालदार महेश कुकरेती, आर पी ध्यानी, और श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल भी मौजूद रहे।

युवाओं की ऊर्जा, पूर्व सैनिकों के सम्मान और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए कांग्रेस का यह अभियान उत्तराखंड में एक निर्णायक जन आंदोलन में परिवर्तित हो रहा है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments