त्योहारों से पहले कोटद्वार पुलिस का बड़ा अभियान, बाजार अतिक्रमण पर ₹1.11 लाख का चालान 

कोटद्वार, 9 अक्टूबर। आगामी त्योहारों जैसे धनतेरस, छठ पूजा और दीपावली के मद्देनज़र यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कोटद्वार पुलिस ने गुरुवार को व्यापक जांच एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कोतवाली कोटद्वार क्षेत्रान्तर्गत चौकी बाजार पुलिस टीम ने झंडा चौक, गोखले मार्ग, लालबत्ती चौक, बद्रीनाथ रोड, हनुमान मंदिर, मालनी मार्केट और बस अड्डा रोड में सघन निरीक्षण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। 

इस दौरान सड़क पर दुकानें फैला कर कब्ज़ा करने वाले और रेहड़ी-ठेली संचालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हुई। 11 दुकानदारों को सड़क पर सामान रखकर यातायात अवरोध पैदा करने पर पुलिस अधिनियम की धारा 83 के अंतर्गत ₹1,10,000 का चालान कर प्रकरण न्यायालय भेजा गया। इसके अलावा पाँच ठेली/रेहड़ी संचालकों पर ₹1,500 का जुर्माना लगाया गया, जबकि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले चार चालकों के चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत न्यायालय को भेजे गए। 

पुलिस ने सभी दुकानदारों, ठेली संचालकों और वाहन मालिकों को चेतावनी दी कि वे व्यापरिक गतिविधियाँ केवल निर्धारित स्थानों पर ही संचालित करें और यातायात में बाधा उत्पन्न करने से बचें। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। 

इस अभियान में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, उ0नि0 शोएब अली, उ0नि0 राजा राम डोभाल, कांस्टेबल तेजपाल सिंह, पीआरडी भूपेन्द्र सिंह और महिला पीआरडी पूजा गुसाई शामिल रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments