पौड़ी, 6 अक्टूबर। पौड़ी पुलिस ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए विदेश में नौकरी का झांसा देकर युवकों से ₹2.20 लाख ठगने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया। साइबर ठगी के इस मामले में कई महीनों की सर्विलांस और इंटेलिजेंस इनपुट्स के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दबोचा।
करीब एक साल पहले 6 अगस्त 2024 को पाबौ निवासी अनूप चौहान ने कोतवाली पौड़ी में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुलदीप रावत, निवासी पौड़ी, ने उन्हें और उनके एक मित्र को विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देकर ₹2,20,000 की ठगी की। आरोपी अर्मेनिया बुलाने के बाद वहां से गायब हो गया। कोतवाली पौड़ी में इस मामले में धारा 420 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने साइबर सेल को त्वरित प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद क्षेत्राधिकारी पौड़ी तुषार बोरा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक पौड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर सुरागरसी, तकनीकी विश्लेषण और निगरानी शुरू की गई। जांच में पता चला कि आरोपी अर्मेनिया में रह रहा था। पुलिस ने न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट (NBW) प्राप्त किया और लुक आउट नोटिस जारी कराया।
लगातार महीनों तक तकनीकी मॉनिटरिंग और गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के बाद 6 अक्टूबर 2025 को पुलिस टीम ने आरोपी कुलदीप रावत (36), निवासी ग्राम निसणी, बुआखाल, पौड़ी को जयपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार पौड़ी भेजा गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नवीन पुरोहित, मुख्य आरक्षी नरेन्द्र सिंह और मुख्य आरक्षी बारू दत्त शर्मा शामिल रहे।

Recent Comments